पैदल यात्रा में असमर्थ कैंसर पीड़ित को हेलीकॉप्टर से मिले बाबा केदार के दर्शन, सीएम धामी का आभार

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता, सरलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए कैंसर पीड़ित व्यक्ति को बाबा केदारनाथ के दर्शन कराने में मदद की। दिल्ली निवासी आरती चमोली ने अपने पिता की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री से केदारनाथ धाम के दर्शन कराने में सहायता मांगी थी। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए इमरजेंसी हेली सेवा के तहत तीन व्यक्तियों की बुकिंग का स्लॉट उपलब्ध कराया।
पैदल यात्रा कर पाने में असमर्थ आरती के पिता ने हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। इस भावुक और यादगार पल के बाद आरती चमोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरा हो सका। मुख्यमंत्री की पहल ने उनके परिवार को न केवल राहत दी, बल्कि भावनात्मक संबल भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री धामी की यह पहल उनके संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व को दर्शाती है। वह लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद करते हुए नजर आते हैं। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, तत्काल समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश देना और जरूरत पड़ने पर व्यक्तिगत स्तर पर सहयोग करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है। उनकी सरलता, सादगी और सहज व्यवहार ने उन्हें जनता के बीच विशेष पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री धामी का मानना है कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि संकट की घड़ी में हर नागरिक के साथ खड़ी भी दिखनी चाहिए। यही वजह है कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से लेकर देश के अन्य राज्यों तक लोग अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से उम्मीद रखते हैं। उनकी त्वरित कार्यशैली और मानवीय दृष्टिकोण के कारण उत्तराखंड सरकार की पहचान राज्य की सीमाओं से बाहर भी मजबूत हुई है।
चारधाम यात्रा के सफल और व्यापक संचालन में भी धामी सरकार ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने लगातार प्रभावी कदम उठाए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयासों ने सरकार की कार्यक्षमता को साबित किया है। चारधाम यात्रा में बने नए रिकॉर्ड इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार आस्था, पर्यटन और जनसुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम कर रही है।
आरती चमोली ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना करते हुए कहा कि वह इसी तरह जरूरतमंदों की सहायता करते रहें और उत्तराखंड की जनता की सेवा करते रहें। यह प्रसंग बताता है कि संवेदनशील नेतृत्व किसी परिवार के लिए कितनी बड़ी उम्मीद और सहारा बन सकता है।